मलेशियाई पत्रिका ने ईसाइयों से माफी मांगी
अपनी वेबसाइट पर पत्रिका ने माफी मांगते हुए लिखा है कि ईसाई बनकर कैथोलिकों की सभा में गए उनके संवाददाताओं की मंशा धर्म विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं थी।
'द स्टार न्यूजपेपर' ने रविवार को लिखा कि इस मामले से जुड़े दोनों संवाददाताओं ने भी माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता था कि वह जो कुछ कर रहे हैं उससे ईसाइयों की भावनाओं को चोट पहुंच सकती है।
वर्ष 2009 के मई अंक में पत्रिका ने एक रपट छापी थी जिसको लेकर विवाद शुरू हुआ था। इस रपट पर काम करने वाले संवाददाता ईसाई बनकर वहां सेंट एंथनी चर्च की सभा में शामिल हुए थे।
संवाददाताओं ने कहा था कि उन्होंने वहां से पवित्र प्रसाद ग्रहण किया था और बाहर जाकर थूक दिया था। इसी को कैथोलिकों ने अपवित्र काम बताया था।
पत्रिका द्वारा माफी मांगने के बाद कुआलालंपुर के आर्कबिशप ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि प्रकाशक, संपादक और लेखक ने इस जल्दी प्रतिक्रिया दिखाई।
उन्होंने कहा, "हम उनके माफीनामे को स्वीकार करते हैं और शांति के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाते हैं। भगवान हमारे राष्ट्र की रक्षा करे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications