हिमाचल से हटाई जाएंगी शराब की प्लास्टिक की बोतलें
शिमला, 7 मार्च (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने एक अप्रैल से शराब की प्लास्टिक बोतलें हटाने का फैसला किया है। इसके बदले कांच की बोतलों को बढ़ावा दिया जाएगा।
सरकार के एक प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, "हमने एक अप्रैल से प्लास्टिक की बोतलों को हटाने का फैसला किया है। शुरुआत में शराब की प्लास्टिक वाली 50 फीसदी बोतलों की जगह शीशे की बोतले लाई जाएंगी। बाद में प्लास्टिक की सभी बोतले हटा ली जाएंगी। "
उन्होंने बताया कि दिन-ब-दिन रोजमर्रा के जीवन से प्लास्टिक के इस्तेमाल को खत्म करना ही सारकार का उद्देश्य है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने पहले से ही सभी तरह के पॉलीथिन थैलों के उत्पादन, भंडारण, इस्तेमाल और बिक्री पर रोक लगा रखी है।
यह प्रतिबंध खाद्य सामग्री जैसे दूध, अनाज की पैकिंग पर नहीं लगाया गया है, लेकिन सरकार की योजना सभी तरह की प्लास्टिक से बनी वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाने की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications