उप्र में इंडियन मुजाहिदीन का आतंकवादी गिरफ्तार (लीड-1)
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने शनिवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि सुराग के आधार पर एटीएस ने 20 वर्षीय सलमान उर्फ छोटू उर्फ रोहित उर्फ फहद को सिद्धार्थनगर जिले के ढेबुरऊवा इलाके से शुक्रवार को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आजमगढ़ के संजरपुर का रहने वाले सलमान ने कबूला कि वह इंडियन मुजाहिदीन का सक्रिय सदस्य है।
बृजलाल ने कहा कि सलमान दिल्ली सिलसिलेवार बम धमाकों के अलावा 2008 में ही अहमदाबाद और जयपुर तथा 2007 में वाराणसी और गोरखपुर सहित देश के अन्य इलाकों में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में शामिल था। वह दिल्ली के बाटला हाउस में मारे गए इंडियन मुजाहिदीन के आतंकवादियों आतिफ और सैफ के संपर्क में था।
बृजलाल ने बताया कि सलमान पर दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उन्होंने कहा कि सलमान नेपाल में फहद अंसारी के फर्जी नाम से पासपोर्ट बनवाकर पिछले साल पाकिस्तान गया और उसने वहां चल रहे आतंकवादी शिविरों में बम बनाने और एके-47 सहित तमाम खतरनाक हथियारों को चलाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसी साल 22 जनवरी को वह पाकिस्तान से लौटकर नेपाल में ही अड्डे बदल-बदल कर रह रहा था और वहीं से भारत विरोधी गतिविधियों में सिक्रय था।
एटीएस अधिकारियों ने कहा कि सलमान से इंडियन मुजाहिदीन की भावी योजनाओं और गतिविधियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि सलमान की गिरफ्तारी के संबंध में गुजरात पुलिस, राजस्थान पुलिस, और दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया गया है। एटीएस अधिकारियों के मुताबिक सलमान लखनऊ स्थित संस्थान से बीसीए कर रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications