शिवसेना के निशाने पर अब
मुंबई, 6 मार्च (आईएएनएस)। शिवसेना के निशाने पर अब महाराष्ट्र के राज्यपाल के.शंकरनारायणन हैं। शिवसेना ने राज्यपाल को उनके बयान 'मुंबई सबकी है' पर घेरा है।
शिवसेना ने राज्यपाल के बयान की आलोचना करते हुए उन्हें 'रबर स्टांप सफेद हाथी' करार दिया। पार्टी के मुखपत्र सामना में शनिवार को इस संबंध में संपादकीय प्रकाशित हुआ है।
संपादकीय में लिखा गया कि 'राज्यपाल का पद सजावटी होता है लेकिन खतरनाक भी होता है।' पार्टी ने कहा, "ये रबर स्टांप सफेद हाथी आयकर दाताओं के खर्चो पर चलते हैं। इन्हें हर जगह दखल नहीं देना चाहिए। उन्हें बाहरी लोगों के लिए बोलने की क्या जरूरत थी।"
संपादकीय में कहा गया कि मुंबई की मौजूदा खराब स्थिति के लिए प्रवासी जिम्मेदार हैं। पार्टी के मुखपत्र में कहा गया, "राज्यपाल अरब सागर के किनारे बने आलीशान राजभवन में रहते हैं। उन्हें जमीनी हकीकत के बारे में कुछ भी पता नहीं होता है। कांग्रेस के कार्यकर्ता दूसरे राज्य से यहां पेंशन के लिए आते हैं और समुद्र की शीतल हवा का आनंद लेते हैं और चले जाते हैं। "
संपादकीय में कहा गया, "शंकरनारायणन आज यहां हैं कल कहीं और चले जाएंगे। इसलिए उन्हें मुंबई में प्रवासियों को निमंत्रण देने की क्या जरूरत है। यदि वह प्रवासियों के लिए चिंतित हैं तो वह उन्हें अपने गृह राज्य केरल ले जाएं और सोनिया गांधी से राष्ट्रीय एकता के लिए पुरस्कार ग्रहण करें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications