गुरशान की मौत का सुराग नहीं, पुलिस ने की शािंत की अपील (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार विक्टोरिया प्रांत की पुलिस के प्रवक्ता मार्टी बेवेरिज ने कहा, "हमें नस्लीय हमले से इस मामले को जोड़ने से पहले जांच के विभिन्न पहलुओं को देखते हुए सजग रहने की जरूरत है। हमें जांच अधिकारियों को पूरा समय और जगह देने की जरूरत है। "
पुलिस के हाथ इस मामले में कोई सुराग नहीं लगा है। मेलबर्न में पुलिस ने गुरशान की मां हरप्रीत कौर चन्ना और पिता हरजीत सिंह से शुक्रवार रात पूछताछ की। दोनों ने अपने बच्चे की मौत के संदंर्भ में गुरुवार रात भी पुलिस में बयान दर्ज करवाए थे।
मेलबर्न हवाई अड्डे के निकट वाइल्डवुड रोड पर गुरुवार रात गुरशान का शव बरामद किया गया था। इससे पहले उसके माता पिता ने गुरशान के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसके माता-पिता छुट्टियां बिताने आए थे और वे लालोर इलाके में ठहरे थे।
इस मामले के आने से ठीक पहले बुधवार को आस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री स्टीफन स्मिथ नई दिल्ली के दौरे पर थे। स्मिथ ने भारत दौरे पर यह स्वीकार किया कि आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हुए कुछ हमले नस्लीय थे।
स्थानीय समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' के मुताबिक भारतीय महावाणिज्य दूत अनीता नायर भी इस बच्चे के माता-पिता और रिश्तेदारों से यहां शुक्रवार को मिलीं। फिलहाल शोकाकुल हरप्रीत और हरजीत मेलबर्न के उपनगरीय इलाके थॉक्सटाउन स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां ठहरे हैं।
शव बरामद किए जाने के बाद हुए पोस्टमार्टम में इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी कि गुरशान की मौत कैसे हुई। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक जांच से मौत की वजह का पता चल सकेगा। पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, "हम अभी भी आगे की जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके बाद ही मौत की वजह के बारे में कुछ कहा जा सकेगा।"
इससे पहले जांच अधिकारी स्टीव क्लार्क ने शुक्रवार को कहा था कि पोस्टमार्टम किया गया लेकिन इसमें कुछ भी पता नहीं चल पाया। पुलिस ने इस मामले से जुड़े किसी भी प्रत्यक्षदर्शी से सामने आने की अपील भी की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications