अखिलेश यादव के बच्चों की कार पर पथराव
पथराव में अखिलेश के बच्चों को तो कोई चोट नहीं आई है लेकिन कार के शीशे टूट गए हैं। पुलिस के अनुसार अखिलेश के दो बेटों को स्कूल से लेकर उनका ड्राइवर राजू दोपहर को घर लौट रहा था। हजरतगंज इलाके में तीन मोटरसाइकिल पर सवार होकर पांच लोग आए और उन्होंने कार पर पथराव करना शुरू कर दिया।
पथराव में कार के शीशे टूट गए लेकिन कार का ड्राइवर तेजी से कार को भगाकर घर ले जाने में कामयाब रहा। वहां उसने बच्चों की मां डिंपल यादव और अन्य घरवालों को पूरी जानकारी दी।
इस पर अखिलेश के परिजनों ने हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर मामला दर्ज कराया। अखिलेश खुद इस समय गुरुवार को भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने प्रतापगढ़ गए थे।
लखनऊ के पुलिस प्रमुख राजीव कृष्णा ने संवाददाताओं से कहा कि मामला दर्ज कर पथराव करने वाले अज्ञात लोगों की तलाश की जा रही है।
समाजवादी पार्टी ने इस घटना की निंदा की है और प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के अंदर हमलावर नहीं पकड़े गए तो सपा कड़ा रुख अख्तियार करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications