आस्ट्रेलिया में भारतीय शिशु की मौत दुर्भाग्यपूर्ण: सरकार
विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने राज्यसभा में शुक्रवार को कहा, "हमें अभी इस बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में पूरी जानकारी हासिल करनी है।"
कृष्णा ने कहा, "बच्चे के शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं है। मौत की वजह का अभी पता चलना बाकी है। हमने मेलबर्न में भारतीय महावाणिज्यदूत से कहा है कि वह पीड़ित परिवार से संपर्क करें। महावाणिज्यदूतावास हर जरूरी मदद करने के लिए तैयार है।"
आस्ट्रेलियाई पुलिस के मुताबिक इस बच्चे का नाम गुरशान सिंह चन्ना है। मेलबर्न हवाई अड्डे के निकट वाइल्डवुड रोड पर गुरुवार रात उसका शव बरामद किया गया। इससे पहले उसके माता पिता ने गुरशान के लापता होने की शिकायत पुलिस में की थी। उसके माता-पिता छुट्टियां बिताने आए थे और वे लालोर इलाके में ठहरे थे।
यह मामला उस समय सामने आया है जब बुधवार को आस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री स्टीफन स्मिथ नई दिल्ली के दौरे पर थे। स्मिथ ने भारत दौरे पर यह स्वीकार किया कि आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हुए कुछ हमले नस्लीय थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications