बरेली में हालात नियंत्रित
कर्फ्यू में ढील
जिला प्रशासन ने गुरुवार को कर्फ्यू में ढील देने का फैसला किया है। बरेली के जिलाधिकारी आशीष गोयल ने बताया "गुरुवार से सभी प्रभावित क्षेत्रों में जारी कर्फ्यू में ढील देने का फैसला किया गया है। सुबह छह बजे से दस बजे तक कर्फ्यूग्रस्त इलाकों प्रेमनगर, किला, कोतवाली और बारादरी में ढील दी गई है।" उन्होंने कहा कि आगे अगर स्थितियां और सामान्य हुईं तो पूरे दिन और शाम के समय भी कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। कर्फ्यू में ढील मिलते ही लोगों ने दुकानों का रुख किया और जरूरी समान खरीदा।
सतर्क प्रशासन
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि जिले में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह से नियंत्रण में है। इस बीच,पुलिस ने बरेली के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर हिंसा फैलाने वाले 50 उपद्रवियों को अब तक गिरफ्तार किया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से सभी स्कूलों और कालेजों को बंद रखने के आदेश हैं। सीबीएसई की परीक्षाओं के मद्देनजर केवल परीक्षा केंद्र ही खुले रखने की अनुमति दी गई है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी निकालने को लेकर शहर के कोहाडापीर इलाके के दो गुटों में हिंसक झड़प और फायरिंग के बाद पूरे शहर में हालात बेकाबू हो गए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने चार थाना क्षेत्रों प्रेमनगर, बारादरी, कोतवाली और किला में कर्फ्यू लगा दिया था।













Click it and Unblock the Notifications