मौजूदा वित्त वर्ष के अंत में विकास दर में आएगी तेजी : प्रणब (लीड-1)
नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही में विकास दर में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि तीसरी तिमाही में आई गिरावट कृषि उत्पादन में गिरावट का परिणाम रही है।
मुखर्जी ने कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) की राष्ट्रीय परिषद के एक कार्यक्रम में कहा, "तीसरी तिमाही में सूखे के कारण कृषि विकास दर में तीव्र गिरावट और सरकारी खर्च की नकारात्मक दर के कारण छह प्रतिशत की विकास दर रही है।"
मुखर्जी ने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि चौथी तिमाही में विकास दर में दोबारा तेजी आएगी।"
सरकार के अनुमानित आंकड़ों के अनुसार मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान सकल घरेलू उत्पाद वित्त वर्ष 2008-09 के 6.7 प्रतिशत के मुकाबले 7.2 प्रतिशत रहेगा।
मुखर्जी ने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र और रबी की फसल के कारण अर्थव्यवस्था में सुधार हो रहा है।
मुखर्जी ने कहा, "सरकार के प्रोत्साहन पैकेजों के रूप में किए जा रहे खर्च के कारण लगातार सुधार हो रहा है। इसलिए हमने विकास दर को बजट के केंद्र में रखा है।"
मुखर्जी ने कहा, "सिर्फ उत्पाद शुल्क के मामले में प्रोत्साहनों को आंशिक रूप से वापस लिया गया है, जो कि प्रोत्साहन पूर्व की दर से अभी भी कम है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications