तेलंगाना पर श्रीकृष्ण समिति ने शुरू किया हैदराबाद दौरा
तेलंगाना मसले पर व्यापक प्रदर्शन के बाद केंद्र सरकार ने पृथक तेलंगाना राज्य की मांग का अध्ययन करने के लिए पिछले महीने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) बी.एन.श्रीकृष्ण के नेतृत्व में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया था।
समिति ने गुरुवार शाम आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन द्वारा आयोजित रात्रिभोज के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ अनौपचारिक चर्चा की।
इस रात्रिभोज में प्रमुख रूप से मुख्यमंत्री के. रोसैया, विपक्ष के नेता और तेलुगू देशम पार्टी के एन. चंद्रबाबू नायडू, सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डी. श्रीनिवास और तेलंगाना राष्ट्र समिति के. चंद्रशेखर राव शामिल हुए।
भोज में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंडारू दत्तात्रेय, प्रजा राज्यम पार्टी के प्रमुख के. चिरंजीवी आदि भी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि तेलंगाना संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) ने मंगलवार को लोगों से अपील की थी कि तेलंगाना मसले पर गठित श्रीकृष्ण समिति के हैदराबाद दौरे का वे विरोध करें।
जेएसी के संयोजक एम. कोडानडरम ने लोगों से अपील की थी कि समिति के 4-5 मार्च को हैदराबाद दौरे के दौरान वे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications