चीन में बने भिंडरावाले की तस्वीरों वाले उत्पादों की जबरदस्त बिक्री
चण्डीगढ़, 4 मार्च (आईएएनएस)। स्वर्ण मंदिर में 25 साल पहले मारे गए खालिस्तान समर्थक जरनैल सिंह भिंडरांवाला की तस्वीरों वाले चीनी उत्पादों की यहां धूम मची हुई है।
पूरे राज्य में भिंडरांवाला की तस्वीर वाले टी-शर्ट, कैलेंडर, स्टीकर, मग और चाबी के छल्लों की जबरदस्त बिक्री हो रही है। ज्यादातर व्यापारी कहते हैं कि वे यह सामग्री दिल्ली से लाते हैं, जहां चीन से इनका आयात किया जाता है।
अमृतसर के एक व्यापारी जसबीर सिंह ने आईएएनएस से कहा, "उच्च लागत के कारण हम इन उत्पादों को यहां नहीं निर्मित कर सकते। चीन के व्यापारियों से हम इन्हें लगभग आधी कीमत पर खरीदते हैं। कम कीमतों की वजह से भी इन सामग्रियों की मांग बहुत ज्यादा है।"
एके-47 रायफल के साथ भिंडरांवाला की तस्वीर वाले उत्पाद युवाओं में बेहद लोकप्रिय हो रहे हैं।
जालंधर के एक दुकानदार तेजिंदरपाल सिंह कहते हैं, "युवाओं के बीच इस आकर्षण को देखते हुए हम लोगों में से कई व्यापारी चीन से सादी टी-शर्ट आयात करके यहां उस पर भिंडरांवाला की तस्वीर छापते हैं।"
अलग खालिस्तान की मांग को लेकर पंजाब में दशकों चले हिंसक आंदोलन के अगुवा भिंडरांवाला की मौत जून 1984 में भारतीय सैनिकों द्वारा स्वर्ण मंदिर में चलाए गए एक सैन्य अभियान के दौरान हुई थी।
भिंडरांवाला की इस लोकप्रियता से पंजाब के कट्टरपंथी सिख नेता भी हैरान हैं।
दल खालसा के सचिव कंवरपाल सिंह ने आईएएनएस से कहा कि उस समय जो पैदा भी नहीं हुए थे वे भी इन सामग्रियों को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
पंजाब के पुलिस प्रमुख पी. एस. गिल ने कहा कि भिंडरांवाला की तस्वीरों वाली सामग्रियों की बिक्री के बारे में सरकार को जानकारी है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications