पुल लोकार्पण और सपा नेताओं की गिरफ्तारी पर लोकसभा में हंगामा
नई दिल्ली, 4 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में राज्य सरकार के एक मंत्री द्वारा एक पुल का बुधवार को लोकार्पण किए जाने और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं को गिरफ्तार किए जाने के मामले की गूंज गुरुवार को लोकसभा में भी सुनाई दी।
कांग्रेस के जगदम्बिका पाल ने रायबरेली में केंद्रीय योजना के तहत बनाए गए एक पुल का लोकार्पण उत्तर प्रदेश के मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी द्वारा किए जाने और केंद्रीय सड़क व परिवहन राज्यमंत्री आर. पी. एन. सिंह को वहां जाने से रोके जाने के मामले को उठाया।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सदस्यों ने इसका विरोध किया। इसे लेकर संसद में हंगामा भी हुआ। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इस पुल का लोकर्पण करने वाली थी।
इससे पहले, सपा के शैलेन्द्र कुमार ने प्रश्नकाल के दौरान कहा कि पार्टी के नेताओं को पुलिस निशाने पर ले रही है और उन्हें गिरफ्तार कर रही है।
बसपा सदस्यों ने इसका विरोध किया। इसे लेकर हंगामा इस कदर बढ़ा की सदन की कार्यवाही दोपहर 12.20 बजे 40 मिनट के लिए एक बजे तक स्थगित कर दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications