कश्मीर मुठभेड़ में कैप्टन शहीद, 2 आतंकवादी ढेर (लीड-2)
सेना के प्रवक्ता कर्नल जे.एस.ब्रार ने संवाददाताओं से कहा कि यहां से 35 किलोमीटर दूर पुलवामा के ददसारा गांव में बुधवार से जारी मुठभेड़ में कैप्टन दीपक शर्मा शहीद हो गए।
शर्मा हरियाणा के रोहतक के रहने वाले थे और सेना में छह साल से थे। इन दिनों वह कश्मीर में आतंकवाद से मुकाबले के लिए राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे।
ब्रार ने कहा, "मुठभेड़ के दौरान दो आतंकवादी ढेर हो गए और उनका शव मलबे में दब गया है। "
उल्लेखनीय है कि आतंकवादी जिस घर में छुपे हुए थे वह नष्ट हो चुका है और इसी मलबे में आतंकवादियों का शव है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सेना की कार्रवाई 30 घंटे तक चली और सेना और पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि गोलीबारी बंद हो गई है और जवान मलबे में विस्फोटक की तलाश में जुट गए हैं।
उन्होंने कहा कि की मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से तीन जवान घायल हो गए।
पिछले 10 दिनों में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ की यह दूसरी घटना है। इससे पहले सोपोर शहर में हुए मुठभेड़ में कैप्टन देविंदर सिंह जास शहीद हो गए थे।
उल्लेखनीय है कि ददसारा के एक घर में बुधवार को कुछ आतंकवादी घुस आए थे। इसकी जानकारी मिलते ही सुरक्षा बलों का दल भी वहां पहुंच गया। बुधवार से ही सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी चल रही थी। बुधवार को शाम ढलने से पहले एक आतंकवादी मुठभेड़ में ढेर हो गया था।
अन्य दो आतंकवादी रात में अंधेरे का लाभ उठाकर दूसरे घर में चले गए और गुरुवार सुबह से गोलीबारी शुरू कर दी।
सुरक्षा बलों का मानना है कि लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिद्दीन के तीन आतंकवादी घर में घुसे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications