आश्रम में भगदड़ : मरने वालों की संख्या 63 हुई (लीड-3)
प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक महेश मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि मरने वालों में 37 बच्चे और 26 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल करीब 25 लोगों को इलाहाबाद और प्रतापगढ़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जबकि 69 घायलों को कृपालु महाराज के ही आश्रम स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर रखा है।
उल्लेखनीय है कि जिले के कंडा के पास मनगढ़ में कृपालु महाराज के आश्रम स्थित मंदिर में उनकी पत्नी के श्राद्ध पर भंडारे का कार्यक्रम था, जिसमें लोगों को खाना खिलाया जा रहा था और कपड़े वितरित किए जा रहे थे। इस कार्यक्रम में करीब 8 से 10 दस हजार लोग एकत्रित हुए थे। आश्रम का मुख्य द्वार, जो कि काफी बड़ा और ऊंचा है, के गिरने से यह भगदड़ मची।
मिश्रा ने कहा कि आश्रम प्रशासन की तरफ से इस आयोजन के संबंध में जिला प्रशासन से न तो कोई सुरक्षा मांगी गई थी और न ही प्रशासन को इसे बारे में सूचित किया गया था। मिश्रा ने साफ किया कि यह आश्रम का निजी कार्यक्रम था।
आश्रम के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के बारे में पूछे जाने पर मिश्रा ने कहा कि आगे आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया है कि आश्रम प्रशासन की तरफ से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। आश्रम के सभी द्वार बंद कर दिए गए थे और केवल एक ही द्वार को खोला गया था।
इससे पहले, राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने लखनऊ में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हमारी प्राथमिकता अब गंभीर रूप से घायल लोगों की जान बचाना है। उन्हें इलाहाबाद और प्रतापगढ़ के अस्पतालों में भेजा जा रहा है।"
बृजलाल ने बताया कि दोनों जगह के अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है, ताकि वहां घायलों के इलाज की पहले से तैयारी रहे और पहुंचते ही तत्काल इलाज शुरू हो सके। इलाहाबाद परिक्षेत्र के पुलिस के सभी आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।
एक प्रत्यक्षदर्शी अधिवक्ता वी. के. राय, जो भगदड़ में जख्मी हो गए हैं, ने आईएएनएस को बताया "जिस समय भगदड़ मची उस समय हम लोगों को लगा कि जैसे कोई आतंकी हमला हो गया है।"
स्थानीय विधायक (कुंडा विधानसभा सीट) रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने संवाददाताओं को बताया, "मुझे स्थानीय लोगों से जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक हादसे में 65 से 70 लोगों की मौत हुई है जबकि करीब 80 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications