बिना राम के सीता के मंदिर में उड़ेगा अबीर गुलाल
अशोक नगर(मध्य प्रदेश) , 4 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले में होलिका दहन के पांचवे दिन सीता के मंदिर में 5 मार्च को होली खेली जाएगी, जमकर अबीर गुलाल उड़ेगा और राम के बगैर सीता की जय-जयकार होगी। इस मौके पर देशभर से पहुंचीं बेड़नियां राई नृत्य के साथ सीता को याद करेंगी।
राज्य के अशोक नगर जिले में करीला गांव है जो देश का इकलौता स्थान है जहां राम का नहीं सीता का मंदिर हैं। सीता के त्याग की याद में रंगपंचमी के दिन यहां बेड़नियों का मेला लगता है और लव-कुश के जन्म के उपलक्ष्य में राई नृत्य होता है।
मान्यता है कि भगवान राम ने जब सीता का परित्याग कर दिया था, तब वह ऋषि बाल्मीकि के आश्रम करीला में आकर रहीं थी। उस समय सीता गर्भवती थी और इस आश्रम में ही लव-कुश का जन्म हुआ था। लव-कुश के जन्म पर करीला में खुशियां मनाई गई थी और अप्सराओं का नाच हुआ था। तभी से करीला में भव्य आयोजन का सिलसिला चल पड़ा जो अब भी जारी है।
करीला में सीता की पूजा होती हैं। संभवत: यह देश का इकलौता मंदिर है जहां राम के बगैर सीता हैं। मंदिर के महंत भागवान दास बताते हैं कि रंग पंचमी के दिन हजारों भक्तजन यहां पहुंचते हैं और अपनी मनोकामना पूरी होने पर बेड़नियों का राई नृत्य कराते हैं। यहां मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा से बेड़नी समुदाय की सैंकड़ों नृत्यांगनायें पहुंच कर खूब नाचती हैं।
भागवान दास बताते है कि सीता के मंदिर में एक गुफा है जो रंगपंचमी पर खुलती है, यह वह गुफा है जहां सीता का निवास था। लव-कुश के जन्म के मौके पर अप्सराओं का नाच हुआ था वह परंपरा आज भी चली आ रही है। अप्सराएं तो नहीं है इसी लिए बेड़नियों का नाच कराया जाता है। वहीं बेड़नियां बंधन मुक्त होने की भी सीता से कामना करती है।
सरपंच सरताज कहते है कि जानकी मंदिर में आने वालों की मन्नतें पूरी होती हैं। सूनी गोदें भर जाती हैं, जीवन में समृद्घि आ जाती हैं और शाादी का सपना भी पूरा हो जाता है, चुनाव जीतने की कामना भी पूरी होती हैं। जिनकी मन्नतें पूरी होती हैं वे भी पंचमी मे मेले में राई नाच कराते हैं।
दो साल पहले इस मेले में हुए हादसे में आठ लोगों की जाने गई थी। इसी को ध्यान में रखकर जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए है। कलेक्टर गीता मिश्रा ने बताया है कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और बीते साल ही मंदिर से मेला दूर लगाया गया था इस बार भी वही व्यवस्था रखी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications