कर्नाटक में स्वामी पर 'सेक्स स्कैंडल' का आरोप, आश्रम में तोड़फोड़
स्थानीय समाचार चैनलों ने जैसे ही परमहंस नित्यानंद के दो महिलाओं के साथ अश्लील कृत्य में शामिल होने का वीडियो फुटेज जारी किया, आक्रोशित भीड़ ने कर्नाटक के बिदाड़ी में स्थित नित्यानंद के आश्रम में तोड़फोड़ की।
नित्यानंद का यह आश्रम 29 एकड़ क्षेत्र में फैला है। हालांकि तोड़फोड़ के समय नित्यानंद स्वयं आश्रम में मौजूद नहीं थे। नाराज लोगों ने नित्यानंद के फोटो और बैनर फाड़ डाले और परिसर के स्वागत कक्ष में तोड़फोड़ की।
जिला पुलिस ने तोड़फोड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। श्रद्धालुओं में करीब 100 विदेशी नागरिक हैं।
रमनागाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक एस.बी. भीसनहल्ली ने आईएएनएस से कहा कि हमने नित्यानंद आश्रम और भक्तों की सुरक्षा के लिए 100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।
उल्लेखनीय है कि वीडियो फुटेज में नित्यानंद को महिलाओं के साथ आपत्तिजनक अवस्था में दिखाया गया है।
बताया जाता है कि नित्यानंद आश्रम के 33 देशों में एक हजार से अधिक शाखाएं हैं।
आश्रम के एक प्रवक्ता ने कहा कि परमहंस नित्यानंद के खिलाफ साजिश रची गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications