मनाली-लेह राजमार्ग पर बर्फ हटाने का काम शुरू
जनरल रिजर्व इंजीनियरिंग फोर्सेस (जीआरईएफ) 38 टास्क फोर्स के कमांडर एस. के. दून ने बुधवार को आईएएनएस को बताया, "मनाली-लेह राजमार्ग पर कल (मंगलवार) से मनाली के नजदीक गुलाबा से बर्फ हटाने का काम शुरू हो गया है।"
जीआरईएफ राजमार्ग की देख-रेख करने वाले सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की एक इकाई है।
उन्होंने कहा, "हम रोहतांग दर्रे और लाहौल व स्पिति जिले के मार्ग को अप्रैल मध्य तक दोबारा शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन यह मौसम की स्थितियों पर निर्भर है।" उन्होंने बताया कि मनाली से 13 किलोमीटर दूर स्थित कोठी के लिए सड़क यातायात पहले ही शुरू हो गया है।
रोहतांग दर्रा मनाली से 52 किलोमीटर दूर स्थित है।
बीआरओ के एक अधिकारी के मुताबिक मई के आखिर तक मनाली और लेह के बीच के सड़क मार्ग पर यातायात शुरू हो जाएगा।
मनाली-लेह राजमार्ग बीहड़ इलाके से होकर गुजरता है। यह राजमार्ग सैन्य बलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। वे इसी से होकर लद्दाख के सीमावर्ती क्षेत्रों में पहुंचते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications