वाशिंगटन में हो सकती है भारत-पाक वार्ता
नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। पिछले महीने सचिव स्तर की वार्ता के नाकाम होने के बाद भारत और पाकिस्तान के नेता एक बार फिर बातचीत के लिए एक मंच पर आ सकते हैं। इस बार यह बातचीत अगले महीने वाशिंगटन में परमाणु सुरक्षा को लेकर होने वाले वैश्विक सुरक्षा सम्मेलन के मौके पर हो सकती है।
12 अप्रैल से शुरू हो रहे इस दो दिवसीय सम्मेलन में खुद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भारत की अगुआई करेंगे। इस सम्मेलन में आवणिक हथियारों को आतंकवादियों के हाथों में जाने से बचाने के मसले पर चर्चा होगी।
इसी सम्मेलन के अवसर पर भारत और पाकिस्तान के शीर्ष नेता अपनी बातचीत को आगे बढ़ा सकते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रयासों का नतीजा माने जा रहे इस सम्मेलन में भारत और पाकिस्तान सहित 44 देशों के नेता हिस्सा लेंगे।
इस सम्मेलन में पाकिस्तान के प्रतिनिधित्व को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी या फिर प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी में से कौन इस सम्मेलन में अपनी बात रखेगा, यह आने वाले दिनों में तय हो जाएगा।
फिलहाल पाकिस्तान के विदेश विभाग के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि उनका देश इस सम्मेलन में हिस्सा लेगा। बासित ने कहा कि पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों के नाम को लेकर अभी किसी तरह का फैसला नहीं हुआ है।
आईएएनएस को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गिलानी या जरदारी के वाशिंगटन जाने की स्थिति में इस सम्मेलन के मौके पर भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता होने के अच्छे आसार हैं।
सूत्रों ने कहा, "सम्मेलन में पाकिस्तानी प्रतिनिधित्व को लेकर अभी फैसला नहीं हो सका है। हम नहीं जानते कि पाकिस्तान का कौन सा शीर्ष नेता सम्मेलन में हिस्सा लेगा।"
वाशिंगटन में भारत और पाकिस्तान के बीच किसी तरह की वार्ता संभव हुई तो यह पिछले वर्ष मिस्र के शहर शर्म अल शेख में हुई वार्ता के बाद दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच दूसरी बार संवाद होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications