सोरेन झारखण्ड के छात्रों की सुरक्षा को लेकर करुणानिधि से बात करेंगे
रांची, 3 मार्च (आईएएनएस)। झारखण्ड के मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने बुधवार को कहा है कि वह तमिलनाडु के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे राज्य के छात्रों की सुरक्षा की को लेकर वहां की सरकार से बात करेंगे।
सोरेन ने बोकारो में पत्रकारों से कहा, "तमिलनाडु के अन्नामलाई विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले राज्य के छात्रों की हुई मौत से हम चिंतित हैं। इस मसले पर मैं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि से बात करुं गा।"
रांची का छात्र गौतम कुमार रविवार को एक सड़क दुर्घटना में जख्मी हो गया था। तब से अन्नामलाई विश्वविद्यालय परिसर में तनाव व्याप्त है। उसका इलाज शहर के एक अस्पताल में चल रहा था।
उसके सहपाठी के आग्रह पर उसे यहां लाया गया था, कुमार की हालत बिगड़ने पर उसे पुड्डचेरी स्थित जवाहरलाल स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (जेआईपीएमईआर) में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
शव को अन्नामलाई नगर वापस लाया गया। कुमार की मौत के सिलसिले में उत्तर भारतीय छात्रों के एक संगठन ने विश्वविद्यालय के कुलपति एम. रामनाथन से मिलना चाहा, लेकिन कुलपति ने मिलने से इंकार दिया और विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को मिलने के लिए कहा था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके बाद छात्र हिंसा पर उतर आए और संपप्ति को नुकसान पुहंचाया। पुलिस के मना करने के बावजूद छात्रों के उत्पात जारी रखने पर पुलिस को लाठी चार्ज करनी पड़ी।
पुलिस के लाठी चार्ज से बचने के लिए छात्रों ने विभिन्न दिशाओं में भागना शुरू कर दिया, जिससे कुछ छात्र नहर में गिर गए।
पुलिस ने बताया कि झारखण्ड के छात्र सुमित कुमार का शव सोमवार को नाले से बरामद किया गया,जबकि बिहार के दो छात्रों के शव मंगलवार को नाले से निकाले गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications