उप्र में जहरीली शराब पीने से 9 की मौत (लीड-1)
जिले के पुलिस अधीक्षक नीलेश कुमार ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि ये मौतें कोतवाली थाना क्षेत्र के मीरपुर और उसके आस-पास के गांव में हुई हैं।
कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ग्रामीणों ने मंगलवार को स्थानीय सरकारी ठेके से शराब लेकर पी थी। देर रात से एक-एक करके इनकी हालत बिगड़नी शुरू हो गई। दो लोगों की देर रात मौत हो गई जबकि सात लोगों ने आज दम तोड़ा।
उन्होंने कहा कि जहरीली शराब का सेवन करने से बीमार हुए लोगों की संख्या में भी बढोतरी हो रही है। करीब 6 लोगों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारी प्रथम दृष्टया इन मौतों की वजह सरकारी ठेके में बेची गई शराब में दुकानदार द्वारा अवैध तरीके से मिथाइल अल्कोहल की मिलावट किए जाने को मान रहे हैं। मरने वाले मजदूर तबके के लोग बताए जा रहे हैं।
कुमार ने कहा कि जिस सरकारी ठेके से ग्रामीणों ने शराब ली थी, उसे सील कर दिया गया है। शराब के नमूने इकट्ठा करके आगरा स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। ठेके के कुछ कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications