नौसेना के विमान हादसे में 2 की मौत, 4 घायल (लीड-5)
हैदरबाद, 3 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना का प्रशिक्षण विमान 'सागर पवन' बुधवार को यहां एक एयर शो के दौरान दो मंजिला इमारत से टकरा गया, जिसमें पायलट और सह-पायलट की मौत हो गई। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार विमान 'एचजेटी-16 किरण एमके 2' हादसे का शिकार हुआ। विमान के पायलट कमांडर एस. के. मौर्य और सह पायलट लेफ्टिनेंट कमांडर राहुल नायर इस हादसे में मारे गए। इस विमान का निर्माण हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स द्वारा किया गया था। विमान बेगमपेट हवाई अड्डे के निकट बोवेनपल्ली इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
हैदराबाद के पुलिस आयुक्त ए. के. खान ने संवाददाताओं से कहा, "दोनों पायलटों के शव सुरक्षाकर्मियों ने बरामद कर लिया। जमीन पर भी इस हादसे की चपेट में आने से चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।"
विमान के इमारत से टकराने की वजह से कुछ लोग घायल हो गए। इमारत का एक हिस्सा ढह गया। विमान का मलबा एक कार पर गिरा। कार में उस समय कोई बैठा नहीं था। इस हादसे के समय हजारों लोग एयर शो देख रहे थे। यह विमान नौसेना के एयरोबैटिक्स दल का हिस्सा था।
नौसेना प्रमुख एडमिरल निर्मल वर्मा ने भोपाल में संवाददाताओं को बताया, "इस हादसे में दोनों पायलटों की मौत हो गई। वे विमान से बाहर नहीं निकल सके। शायद उन्होंने नागरिक इलाके में लोगों को भारी नुकसान से बचाने की कोशिश की। सच्चाई यही है कि वे अब हमारे बीच नहीं रहे।"
उन्होंने कहा, "इस हादसे में शायद सात लोग घायल हुए हैं। . इस हादसे की क्या वजह रही, हम इसकी पड़ताल करेंगे।"
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने तेज आवाज सुनी और विमान को नीचे गिरते देखा। हादसे के दौरान बेगमपेट हवाईअड्डे के समीप धुआं उठता दिखाई दिया।
स्थानीय निवासी एन.अशोक ने कहा, "मैं उस समय घर के अंदर था जब तेज आवाज सुनाई दी। मैंने बाहर निकलकर लपटें देखी।"
हैदराबाद के जिला अधिकारी नवीन मित्तल ने कहा कि हादसे के बाद संबंधित इमारत और आसपास के भवनों को खाली कराया जा रहा है क्योंकि हादसे की वजह से निकट के ढांचे कमजोर हो गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications