एयर शो के दौरान विमान इमारत से टकराया, 2 मरे (लीड-4)
पुलिस के अनुसार विमान 'एचजेटी-16 किरण एमके 2' हादसे का शिकार हुआ। विमान के पायलट कमांडर एस. के. मौर्य और सह पायलट लेफ्टिनेंट कमांडर राहुल नायर इस हादसे में मारे गए। इस विमान का निर्माण हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स द्वारा किया गया था। विमान बेगमपेट हवाई अड्डे के निकट बोवेनपल्ली इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
विमान के इमारत से टकराने की वजह से कई लोग घायल हो गए। विमान का मलबा एक कार पर गिरा। कार में उस समय कोई बैठा नहीं था। इस हादसे के समय हजारों लोग एयर शो देख रहे थे। यह विमान नौसेना के एयरोबैटिक्स दल का हिस्सा था।
नौसेना प्रमुख एडमिरल निर्मल वर्मा ने भोपाल में संवाददाताओं को बताया, "इस हादसे में दोनों पायलटों की मौत हो गई। वे विमान से बाहर नहीं निकल सके। शायद उन्होंने नागरिक इलाके में लोगों को भारी नुकसान से बचाने की कोशिश की। सच्चाई यही है कि वे अब हमारे बीच नहीं रहे।"
उन्होंने कहा, "इस हादसे में शायद सात लोग घायल हुए हैं। . इस हादसे की क्या वजह रही, हमें इसकी जानकारी लेनी होगी।"
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने तेज आवाज सुनी और विमान को नीचे गिरते देखा। हादसे के दौरान बेगमपेट हवाईअड्डे के समीप धुआं उठता दिखाई दिया।
स्थानीय निवासी अशोक ने कहा, "मैं उस समय घर के अंदर था जब तेज आवाज सुनाई दी। मैंने बाहर निकलकर लपटें देखी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications