भारत में खेल सुरक्षा प्रबंधों से आस्ट्रेलिया संतुष्ट
नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया ने मंगलवार को कहा कि वह भारत में खेल आयोजन के सुरक्षा प्रबंधों को लेकर संतुष्ट है। भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच 12 मार्च से शुरू होने वाला है और राष्ट्रमंडल खेल अक्टूबर में होंगे।
भारत के तीन दिवसीय दौरे पर आस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री स्टीफन स्मिथ ने 3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेल के मुख्य स्टेडियम का निरीक्षण किया। ऐसी खबरें हैं कि कुछ आतंकवादी संगठनों ने यहां हमले की धमकी दी है।
राष्ट्रमंडल खेल के मुख्य स्टेडियम जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का निरीक्षण करने के बाद स्मिथ ने संवाददाताओं से कहा कि आस्ट्रेलिया सुरक्षा प्रबंधों से काफी प्रसन्न है।
स्मिथ ने मंगलवार की रात मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल के साथ विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता में भारत-ऑस्ट्रेलिया का मैच का लुत्फ उठाया जिसे 'दोस्ताना मैच' का नाम दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।