छात्रा की हत्या के आरोप में आईआईटी छात्र गिरफ्तार
आईआईटी-दिल्ली की 22 वर्षीय यह छात्रा आईआईटी-रूड़की में पढ़ने वाले अपने दोस्त से मिलने शिमला आई थी। दोनों एक ही होटल में ठहरे हुए थे। छात्रा शनिवार को होटल में मृत पाई गई थी।
शिमला के पुलिस अधीक्षक आर. एम. शर्मा ने जानकारी दी कि आईआईटी छात्र गौरव शर्मा को रविवार को हरियाणा के जगधारी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि मृत युवती की पहचान प्रगति के रूप में की गई है, जो आईआईटी-दिल्ली में तृतीय वर्ष की छात्रा थी।
उन्होंने कहा कि दोनों शुक्रवार को होटल में ठहरे थे। शनिवार की सुबह होटल के कर्मचारियों ने युवती को मृत पाया था जबकि गौरव लापता था। शर्मा ने बताया कि प्रगति पटना की रहने वाली थी और गौरव उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के मणिकापुर का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक लैपटॉप, कुछ तस्वीरें, दो चाकू और एक टूटी हुई शराब की बोतल बरामद की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications