बेंगलुरू के कार्लटन टावर अग्निकांड में 4 गिरफ्तार
बेंगलुरू, 28 फरवरी (आईएएनएस)। स्थानीय कार्लटन टॉवर्स में मंगलवार को लगी आग के मामले में पुलिस ने रविवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया है। टावर में लगी आग में नौ लोगों की मौत हो गई थी और 60 घायल हो गए थे।
सहायक पुलिस आयुक्त जी.बी. मंजूनाथ ने रविवार को यहां संवादाताओं से कहा कि गिरफ्तार चारों लोगों को बेंगलुरू की अदालत में पेश किया गया जहां से चारों को एक दिन के लिए जेल भेज दिया गया।
सात मंजिली कार्लटन टॉवर्स में लगी आग की जांच का जिम्मा सहायक पुलिस आयुक्त जी.बी. मंजूनाथ को सौंपा गया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में कार्लटन टॉवर्स ओनर्स एसोसिएशन के सचिव रफीक उर रहमान (45), सुरक्षा अधिकारी एल. रामचंद्र भंडारी (54), बिजली अधिकारी वी. केंपेगोड़ा (31) और कार्लटन टॉवर्स के प्रशासनिक अधिकारी बी. चेन्नैया (26) शामिल हैं।
मंजूनाथ ने कहा कि इस मामले में कुछ अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बुधवार को इसके मालिकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इसके अलावा टॉवर्स को भी सील कर दिया गया था।
पुलिस ने टॉवर्स के मालिकों के खिलाफ लापरवाही बरतने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
बेंगलुरू अग्निशमन विभाग के निदेशक डी.बी.चेंगप्पा ने आईएएनएस से कहा, "हमने पूरे टॉवर्स परिसर को सील कर दिया है और आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। हम यह भी जांच कर रहे हैं कि सात मंजिली इस इमारत में अग्नि सुरक्षा तंत्र है या नहीं।"
चेंगप्पा ने कहा कि सरकार ने मामले की जांच का आदेश दे दिया है और बेंगलुरू ब्रुहत महानगरपालिका (बीबीएमपी) को निर्देश दिया है कि वह शहर की सभी ऊंची इमारतों में आग से सुरक्षा संबंधी उपायों की समीक्षा करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications