सऊदी अरब पर अपनी टिप्पणी से उठे विवाद को लेकर थरूर परेशान
थरूर इन दिनों प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ सऊदी अरब के तीन दिवसीय सऊदी अरब दौरे पर हैं। थरूर ने ट्विटर पर लिखा है, "बैठकों का अच्छा-भला दिन कुछ भारतीय मीडिया द्वारा अंग्रेजी शब्द 'इंटरलॉक्यूटर' (वार्ताकार) का गलत अर्थ निकालने के कारण बेमजा हो गया।"
थरूर ने लिखा है, "इंटरलॉक्यूटर वह होता है, जिससे आप बातचीत करते हैं। इससे ज्यादा इसका कोई अर्थ नहीं होता। यानी यदि मैं आपसे बात करता हूं तो आप हमारे 'इंटरलॉक्यूटर' हैं। मैंने सऊदी के लोगों को अपना 'इंटरलॉक्यूटर' (वार्ताकार) कहा था। लेकिन इसका गलत अर्थ निकाला गया।"
थरूर ने इसके पहले रियाद में कहा था, "हम महसूस करते हैं कि सऊदी अरब का पाकिस्तान के साथ लंबा और करीबी रिश्ता है। इस कारण वह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण वार्ताकार हो सकता है।"
थरूर उस प्रश्न का जवाब दे रहे थे, जिसमें उनसे पूछा गया था कि पाकिस्तानी क्षेत्र से जारी आतंकवाद पर भारत की चिंताओं को दूर करने के लिए पाकिस्तान पर दबाव बनाने में क्या भारत, सऊदी अरब से मदद लेना चाहेगा।
थरूर के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। उसके बाद थरूर को स्पष्टीकरण देना पड़ा है।
मीडिया में उनके पहले के बयान के प्रकाशित होने के चंद घंटों बाद थरूर ने कहा, "सऊदी अरब मध्यस्थ होगा, मेरे द्वारा ऐसा कहे जाने का सवाल ही नहीं उठता। मैंने ऐसा बिल्कुल नहीं कहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications