मीडिया ने मेरी टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला : थरूर
रियाद, 28 फरवरी (आईएएनएस)। विदेश राज्यमंत्री शशि थरूर ने रविवार को कहा है कि भारत-पाक संबंधों पर दिए गए उनके बयान का मीडिया के एक वर्ग ने गलत अर्थ निकाला है। थरूर ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों को सुधारने की दिशा में उन्होंने सऊदी अरब के लिए 'उपयोगी वार्ताकार' शब्द का इस्तेमाल किया था।
थरूर ने अपनी टिप्पणी पर विवाद बढ़ता देख यहां एक स्पष्टीकरण जारी किया। बयान में उन्होंने कहा, "मीडिया के एक वर्ग ने उनके द्वारा शनिवार को रियाद में दिए गए बयान का गलत अर्थ निकाला है।"
बयान में उन्होंने कहा, "मैंने मूलत: यह कहा था कि सऊदी अरब भारत के लिए एक महत्वपूर्ण वार्ताकार हो सकता है।"
थरूर इन दिनों प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ तीन दिवसीय रियाद दौरे पर हैं।
थरूर की इस टिप्पणी को सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के साथ ही विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सऊदी अरब को मध्यस्थ बनाए जाने के रूप में लिया है और दोनों पार्टियों ने इसका तत्काल विरोध किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications