ऑनलाइन कैट परीक्षा के परिणाम घोषित (लीड-1)
नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) ने लंबे समय से प्रतीक्षित कामन एडमिशन टेस्ट (कैट) के परीक्षा परिणाम रविवार को घोषित कर दिए।
संस्थान ने एक बयान जारी कर कहा, "आईआईएम ने वर्ष 2009 के कैट परीक्षा के परिणाम वेबसाइट 'डब्ल्यूडब्ल्यू डॉट कैटआईआईएम डॉट इन' पर जारी कर दिए हैं। प्रत्येक आईआईएम संस्थानों द्वारा साक्षात्कार के लिए चुने गए छात्रों की सूची तैयार करने के बाद उसे भी वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा।"
कैट परीक्षा के परिणाम इस महीने की शुरूआत में ही घोषित किए जाने थे लेकिन इसमें लगातार देरी हो रही थी।
मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की एक प्रतिभागी अलीशा होरो ने कहा, "मेरा परिणाम केवल ठीक है उसे अच्छा नहीं कहा जा सकता है लेकिन परिणाम बहुत देर से आया जिससे सारा उत्साह ठंडा पड़ गया था। अब मैं भविष्य की तरफ देख रही हूं और दो संस्थानों के लिए मेरा चयन हुआ है।"
आईआईएम के आठ संस्थानों में से अहमदाबाद और शिलांग ने छात्रों के साक्षात्कार की सूची पहले ही जारी कर दी थी लेकिन बाकी संस्थानों की सूची में देरी हो रही थी।
चयनित छात्रों को प्रतिष्ठित प्रबंधन स्कूलों में दाखिले की प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार और समूह परिचर्चा के लिए बुलाया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में हुई कैट की ऑनलाइन परीक्षा में मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) में कम से कम 241,000 प्रतिभागी शामिल हुए थे।
हालांकि परीक्षा के समय तकनीकी समस्याओं के कारण सभी छात्र परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे जिसकी वजह से जनवरी में विभिन्न स्थानों पर परीक्षा कराई गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications