चीन और पाक की बढ़ती हरकतों के लिए नीतियां दोषी : भागवत
भोपाल, 28 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघ चालक मोहन भागवत ने कहा कि एक तरफ जहां चीन घेराबंदी कर रहा है वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान की हरकतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। यह सब भारत की दोषपूर्ण नीतियों के कारण हो रहा है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में रविवार को आयोजित हिंदू समागम में मोहन भागवत ने कहा, "अरूणाचल प्रदेश में चीन लगातार अपना दावा ठोंके जा रहा है वहीं पाकिस्तान अलगाववादी ताकतों को बढ़ावा दे रहा है।"
उन्होंने कहा, "भारत को पाक की हरकतों से सीख लेना होगी। भारत का बटवारा सिर्फ शांति के लिए किया गया था मगर आज वही देश हमारी शांति में खलल पैदा कर रहा है। जब भी शांति वार्ता की पहल होती है, आतंकवादी उस अवधि का लाभ उठाकर हमला करते हैं।"
मोहन भागवत ने कहा कि दुनिया में आज एकाधिकारवाद का दौर चल रहा है। चंद प्रतिशत लोग 80 प्रतिशत दुनिया पर अपना अधिकार जमाना चाहते हैं। अमेरिका पूरी दुनिया में अपना अधिकार तंत्र फैलाना चाहता है। कारण यह है कि वह यूरेनियम और बेकार दवाइयां भारत में खपा रहा है और वह नहीं चाहता है कि उसकी बराबरी पर कोई दूसरा देश खड़ा हो।
भागवत ने कहा कि यही हाल चीन का है जो तिब्बत को निगलने के बाद नेपाल में माओवादियों को बढ़ावा दे रहा है और भारत की सीमा पर दावा ठोक रहा है ताकि भारत बराबरी न कर सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications