उपराष्ट्रपति ने राजेंद्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर सिक्का जारी किया (लीड-1)
पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित एक समारोह में राजेंद्र प्रसाद की स्मृति में सिक्का जारी करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा, "देशरत्न राजेन्द्र प्रसाद केवल बिहार के ही नहीं बल्कि पूरे देश के नेता थे। आज देश से भ्रष्टाचार मिटाना सबसे बड़ी चुनौती है। भ्रष्टाचार मिटाने के लिए राजेन्द्र प्रसाद द्वारा बताए गए रास्ते पर चलने की जरूरत है।"
पटना में एकदिवसीय यात्रा पर आए उपराष्ट्रपति पटना हवाईअड्डे से सीधे बांस घाट स्थित राजेन्द्र स्मृति उद्यान पहुंचे जहां उन्होंने देशरत्न की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने यहां सर्व धर्म प्रार्थना सभा में भी भाग लिया। उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल देवानंद कुंवर भी मौजूद थे।
उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने बिहारवासियों को होली की शुभकामनाएं भी दी।
उपराष्ट्रपति के पटना दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उपराष्ट्रपति का शाम को दिल्ली वापस लौटने का कार्यक्रम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*