ग्रेटर नोएडा के आसपास स्थापित होंगे तीन बड़े बिजली संयंत्र
प्रत्येक संयंत्र की क्षमता 1000 से 1300 मेगावाट की होगी।
उत्तर प्रदेश विद्युत निगम के अध्यक्ष नवनीत सहगल ने रविवार को आईएएनएस को बताया, "ग्रेटर नोएडा के पास जहांगीरपुर, चोला और यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे तीन संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इनके लिए जमीन भी देख ली गई है।"
उन्होंने कहा कि प्रत्येक संयंत्र को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए करीब 250 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की जरूरत पड़ेगी।
इस संबंध में पहले ही दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरीडोर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (डीएमआईसीडीसी) को एक प्रस्ताव दिया गया है। डीएमआईसीडीसी ने जहांगीरपुर गांव के प्रस्तावित संयंत्र के लिए अपनी रुचि दिखाई है।
सहगल ने कहा, "डीएमआईसीडीसी हालांकि गैस आधारित संयंत्र लगाने के लिए इच्छुक है लेकिन इसमें प्रति इकाई बिजली की लागत करीब 7 रुपये आएगी। इसलिए हमने उनसे ताप विद्युत संयंत्र लगाने के बारे में विचार करने को कहा है।"
बुलंदशहर जिले में चोला परियोजना स्थापित करने लिए उत्तर प्रदेश विद्युत निगम ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण के सहयोग से एक सहायक इकाई गठित कर दी है।
उन्होंने कहा, "हमारी व्यवस्था के तहत प्रस्तावित संयंत्र अपने उत्पादन का 50 फीसदी हिस्सा उत्तर प्रदेश विद्युत निगम के लिए सुरक्षित रखेंगे।"
सहगल ने कहा, "वर्ष 2014 के अंत तक इन संयंत्रों के स्थापित हो जाने की उम्मीद है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications