दशहरे की तरह मनाई जाती है होली!

लखनऊ, 27 फरवरी (आईएएनएस)। रावण दहन, भव्य आतिशबाजी और रामलीला..ये सब होली मनाने की एक अनोखी परंपरा का हिस्से हैं। सुनने में भले ही अटपटा हो, लेकिन उत्तर प्रदेश के एक कस्बे में दशहरे की तरह मनाई जाती है होली।

बरेली के बमनपुर कस्बे में पिछले करीब 60 साल सालों से होली पर रंग खेलने के अलावा मुख्य आकर्षण रावणदहन, भव्य आतिशबाजी और 18 दिवसीय रामलीला होती है। यह रामलीला खास तौर पर होली पर आयोजित की जाती है। इस रामलीला में स्थानीय लोग अभिनय करते हैं।

पेशे से सरकारी अध्यापक शिशुपाल गंगवार कहते हैं कि वैसे तो होली रंग, गुलाल और अबीर के लिए जानी जाती है। लेकिन हमारे यहां होली का मुख्य आकर्षण भव्य आतिशबाजी के बीच लंकापति रावण का दहन होता है।

वह कहते हैं कि होली पर खासतौर पर आयोजित होने वाली 18 दिवसीय रामलीला का समापन होली की पूर्वसंध्या पर होता है, इसके बाद कस्बे के बाहर दो दिन लंकापति रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशालकाय पुतलों में आग लगाकर भव्य आतिशबाजी की जाती है।

होली के दिन कस्बे में रंग, गुलाल और अबीर के बीच मर्यादा पुरुषोत्तम राम की विजय यात्रा(राम बारात) और शाम को फिर से भव्य आतिशबाजी की जाती है।

स्थानीय राम सिंह कहते हैं कि एक बड़े रथ को सजाकर उसमें राम-सीता, लक्ष्मण और हनुमान की बड़ी-बड़ी मूर्तियों को रखकर राम बारात निकाली जाती है। बैंड बाजों के साथ निकलने वाली राम बारात में शामिल लोग शाम को होने वाले रावण दहन के कार्यक्रम में हिस्सा लेते हैं। इस अनोखे होली उत्सव का आनंद उठाने के लिए आसपास के जिलों से लोगों की भारी भीड़ आती है।

दूसरे जिले से आने वाले 60 वर्षीय मंजीत सिंह कुशवाहा कहते हैं कि 40 साल पहले जब मैंने पहली बार इस अनोखी परंपरा को देखा तो मुझ्झे यह महसूस हुआ जैसे कि मैं किसी दशहरे उत्सव के कार्यक्रम में हिस्सा ले रहा हूं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके पूर्वजों का इस परंपरा को शुरू करने का मकसद होली पर होने वाले हुड़दंग को रोकना था।

पद्म चंद्रा कहते हैं कि ऐसी मान्यता है कि यह परंपरा करीब 60 साल पहले शुरू की गई। पूर्वजों का उद्देश्य होली के दौरान रामलीला के जरिए भक्तिमय वातावरण बनाकर लोगों को हुड़दंग से दूर रखना था।

होली से करीब एक महीने पहले स्थानीय लोग रावण दहन के दौरान होने वाली भव्य आतिशबाजी के लिए चंदा एकत्र करने लगते हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+