छह भारतीयों के शव स्वदेश लाए गए (लीड-2)
भारतीयों के शव लाने के लिए काबुल गया विमान शाम छह बजे पालम स्थित वायु सेना के हवाई अड्डे पर उतरा। शवों को कॉफीन में रखा गया था, जिस पर तिरंगा लपेटा हुआ था। हमले में घायल हुए कुछ लोग भी विमान में साथ आए हैं। उन्हें सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
श्रद्धांजलि समारोह में विदेश सचिव निरूपमा राव ने भी हिस्सा लिया। सभी मृतकों को सैनिक सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई।
उल्लेखनीय है कि काबुल में तालिबानी आतंकवादियों द्वारा किए गए विस्फोटों में नौ भारतीयों सहित 17 लोग मारे गए थे। मारे गए लोगों में फ्रांस और इटली के एक-एक नागरिक भी शामिल थे।
दिल्ली से एक विमान चिकित्साकर्मियों और दवाओं के साथ शनिवार सुबह रवाना हुआ था। सेना के अधिकारियों और विदेश मंत्रालय के अधिकारियों का एक दल भी सुरक्षा हालात की समीक्षा के लिए काबुल गया था।
इस आतंकवादी हमले में सेना के दो अधिकारी, सरकारी अधिकारी, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का एक जवान और एक तबला वादक की भी मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications