निर्वस्त्र व्यक्ति के हवाई अड्डे पर प्रवेश की जांच होगी
देश के सभी हवाई अड्डों का सुरक्षा जिम्मा संभालने वाली केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को मामले की जांच सौंपी गई है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता रोहित कटियार ने कहा, "हम मामले की जांच कर रहे हैं और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।"
दिल्ली हवाई अड्डे के रनवे पर शुक्रवार रात करीब आठ बजे एक व्यक्ति निर्वस्त्र अवस्था में घुस आया था।
सूत्रों के अनुसार, इस व्यक्ति की पहचान अरुण राय के रूप में की गई है। वह इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के चारों तरफ बनी दीवार को लांघकर रनवे 29 की तरफ आ गया था। इस बीच हैदराबाद से आने वाला एक घरेलू विमान उतरा। आखिरी क्षणों में इस निर्वस्त्र व्यक्ति पर लोगों की नजर पड़ी। राय को शुक्रवार रात दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "भारतीय दंड संहिता की धारा 447 (आपराधिक अतिचार) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।"
मूल रूप से बिहार का रहने वाला 29 वर्षीय राय गुड़गांव में अपने परिवार के साथ रहता है। स्वास्थ्य परीक्षण से पता चला कि उस वक्त वह शराब के नशे में था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications