प्रधानमंत्री सऊदी अरब के लिए रवाना, रणनीतिक संबंधों की उम्मीद (लीड-1)
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शनिवार को सऊदी अरब की अपनी तीन दिवसीय ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना हो गए। पिछले 28 वर्षो के दौरान सऊदी अरब की यात्रा पर जाने वाले सिंह पहले प्रधानमंत्री हैं। सिंह ने उम्मीद जाहिर की है कि उनकी यह यात्रा संभावनाओं के नए द्वार खोलेगी और द्विपक्षीय रिश्ते को एक रणनीतिक चरित्र प्रदान करेगी।
प्रधानमंत्री अपनी इस यात्रा के दौरान सऊदी अरब के शाह अब्दुलाह बिन अब्दुलअजीज अल सऊद के साथ क्षेत्र में स्थायित्व और सुरक्षा को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा करेंगे।
मनमोहन सिंह ने अपने बयान में कहा है, "सऊदी अरब के साथ सुरक्षा, रक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, मानव संसाधन विकास और ज्ञान आधारित उद्योग के क्षेत्रों में सहयोग के नए द्वार खुलने की बड़ी संभावना है।"
सिंह ने उम्मीद जाहिर की है कि यह यात्रा "सहयोग के हमारे पारंपरिक क्षेत्रों के अलावा हमारे रिश्तों को एक रणनीतिक चरित्र प्रदान करेगी।" सऊदी अरब भारत के लिए सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि बातचीत के दौरान चरमवाद और आतंकवाद से मुकाबले जैसे विषयों के साथ ही अफगानिस्तान के मुद्दे पर भी चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी गया है। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री मुरली देवड़ा, विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर, कई वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों का एक 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल है।
इस यात्रा के दौरान सुरक्षा, विज्ञान एवं तकनीक, संस्कृति और मीडिया से जुड़े विभिन्न द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री की यह यात्रा सऊदी के शाह अब्दुल्ला बिन अब्दुल अजीज के ऐतिहासिक भारत दौरे के चार साल बाद हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications