भारत-पाक वार्ता का आरंभ होना उत्साहजनक : अमेरिका
वाशिंगटन, 26 फरवरी (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के बीच गुरुवार की सचिव स्तर की वार्ता के बाद अमेरिका ने कहा है कि दोनों देशों के बीच बातचीत का द्वार खुलना ही उत्साहजनक कदम है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पी. जे. क्राउले ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, "हमने पहले भी दोनों देशों को वार्ता बहाली के लिए उत्साहित किया है। इस क्रम में दोनों के बीच वार्ता का शुरू होना महत्वपूर्ण कदम है और हम दोनों देशों के राजनीतिक नेतृत्व की सराहना करते हैं।"
सचिव स्तर की वार्ता का किसी नतीजे तक न पहुंचने के सवाल पर क्राउले ने कहा, "मेरा मानना है कि यह भारत और पाकिस्तान के बीच उच्च स्तर की वार्ता थी। हम आशा करते हैं दोनों देश आने वाले कुछ हफ्तों और महीनों में वार्ता में आगे बढ़ेंगे।"
प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों में एक बैठक का आयोजित होना ही महत्वपूर्ण है। कुछ ऐसी घटनाएं हुई जिनके जरिए कुछ तत्व इस वार्ता को प्रभावित करना चाहते थे।
भारत-पार्क वार्ता की संध्या पर अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा था कि अमेरिका ने दोनों देशों को बातचीत के लिए उत्साहित किया है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया था कि दोनों देशों को अपने मुद्दे खुद सुलझाने हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications