मप्र में कनिष्ठ चिकित्सक हड़ताल पर
भोपाल, 26 फरवरी, (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के कनिष्ठ चिकित्सक अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार से बेमियादी हड़ताल पर चले गए। इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ा।
कनिष्ठ चिकित्सक संघ (जूडा) के प्रदेश अध्यक्ष के. के. प्रजापति ने आईएएनएस को बताया कि सरकार ने उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन पूरा नहीं किया। जूडा की मांग है कि परास्नातक के बाद चिकित्सकों को ग्रामीण इलाकों में तीन साल के लिए सेवाएं देने की सीमा को घटाकर एक साल कर दिया जाए। इसके अलावा इस अवधि में दिया जाने वाला वेतन 26 हजार रुपये से बढ़ाकर 35 हजार रुपये किया जाए और भत्ता भी दिया जाए।
प्रजापति ने बताया कि शुक्रवार सुबह से भोपाल, ग्वालियर और रीवा चिकित्सा महाविद्यालयों के कनिष्ठ चिकित्सक हड़ताल पर चले गए हैं। वहीं, इंदौर और जबलपुर के चिकित्सक न्यायालय के आदेश से बंधे होने के कारण इस्तीफा देकर शनिवार से हड़ताल में शामिल होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications