लंबे सप्ताहांत में लोग निकले पड़े पयर्टक स्थलों की ओर
एसोसिएशन ऑफ डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ इंडिया (एडीटीओआई) के अध्यक्ष राकेश लांबा ने बताया कि होली की छुट्टियों में कुछ लोग आसपास के पर्यटक स्थलों जैसे जयपुर, कॉर्बेट नेशनल पार्क और मथुरा जा रहे हैं जबकि कुछ लोगों ने शिमला, मसूरी जैसे पहाड़ी शहरों की ओर रुख किया है।
लांबा ने आईएएनएस को बताया, "रंग-बिरंगी होली को मनाने के लिए ज्यादातर लोगों ने नजदीक के पर्यटक स्थलों को चुना है। अधिकतर यात्रा पैकेज तीन सितारा या पांच सितारा होटलों में बुक हैं। लोग सड़क मार्ग से यात्रा करने को तरजीह दे रहे हैं। इनमें से ज्यादातर लोग अपने वाहन से या कैब लेकर इन स्थानों की ओर रुखसत हो रहे हैं।"
एक विपणन कार्यकारी दिव्या वर्मा अपने परिवार के साथ गुड़गांव के सोहना में एक रिसॉर्ट में छुट्टियां मनाने जा रही हैं। उन्होंने कहा, "चाचा, चाची, भाइयों और बच्चों को मिलाकर हम करीब 20 लोग हैं। हमने संगीत और खाने-पीने की चीजों के अलावा परंपरागत भांग की ठंडई का भी इंतजाम किया है।"
लांबा ने कहा कि बाहर जाने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए कुछ टूर ऑपरेटरों ने अपनी कीमतों में इजाफा कर दिया है।
राजेंद्र नगर के एक टूर ऑपरेटर ललित कहते हैं कि त्योहारी मौसम में भी कीमतों में ज्यादा इजाफा नहीं किया गया है। ज्यादातर लोग राजस्थान और मथुरा जाने को तरजीह दे रहे हैं।
लांबा ने बताया कि इस साल दो लोगों के लिए तीन या चार सितारा होटलों वाला पैकेज 10 से 15 हजार रुपये और पांच सितारा होटलों वाला पैकेज 25 से 30 हजार रुपये के बीच है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications