भाजपा कार्यकर्ताओं ने की तोड़फोड़, रेल इंजन में आग लगाई (लीड-1)
जबलपुर को रेल बजट में अतिरिक्त गाड़ियों सहित अन्य सुविधाएं न मिलने और गरीब रथ जबलपुर-मुम्बई को इलाहाबाद से चलाने के फैसले से नाराज भाजपा ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की साथ ही इंजन में आग लगा दी। इतना ही नहीं रेल यातायात बाधित करने के लिए पटरियों पर अवरोध पैदा कर दिया।
इस आंदोलन का क्षेत्रीय सांसद राकेश सिंह नेतृत्व कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं की मौजूदगी में चार नम्बर प्लेटफार्म पर तमाम काउंटर और एसटीडी बूथों में तोड़फोड़ की। इस हंगामे को काबू करने के लिए जीआरपी ने लाठीचार्ज किया। जीआरपी पुलिस अधीक्षक एस.के. पांडे ने आईएएनएस को बताया कि सांसद राकेश सिंह सहित 334 लोगों को धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया गया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पीयूष माथुर ने बताया कि रेलवे प्रशासन जीआरपी, आरपीएफ और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा रहा है। माथुर के अनुसार इस हंगामे और तोड़फोड़ से लगभग चार लाख का नुकसान हुआ है। इंजन में आग लगाई गई थी जिसे बुझा लिया गया।
सांसद राकेश सिंह का कहना है कि आज जो कुछ हुआ है वह जबलपुर की उपेक्षा से पनपा जनाक्रोष है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि गरीब रथ को पूर्व की स्थिति में नहीं रखा गया तो यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
भाजपा ने जबलपुर की उपेक्षा के खिलाफ महाप्रबंधक कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था। इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मालगोदाम इलाके में जमा हुए थे। कार्यकर्ता घेराव करने महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचते कि उससे पहले उन्होंने रेलवे स्टेशन पर हंगामा कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications