काबुल हमले में 9 भारतीयों की मौत, भारत ने की निंदा (लीड-4)

नई दिल्ली/काबुल, 26 फरवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शुक्रवार को हुए आतंकवादी हमले में नौ भारतीयों सहित 15 लोगों की मौत हो गई है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने कड़े शब्दों में निंदा की है।

प्रधानमंत्री ने एक बयान जारी कर कहा, "मैं इस जघन्य हमले की कड़ी निंदा करता हूं।"

मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "अफगानिस्तान में मारे गए भारतीय वहां सद्भावना व मैत्री मिशन पर गए थे। शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक अफगानिस्तान को मजबूत बनाने में वे सहयोग कर रहे थे।"

विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी कि काबुल में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए भारतीयों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। हमले की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के रिश्तों में खटास नहीं आएगी।

पिछले 20 महीनों में अफगानिस्तान में रह रहे भारतीयों को निशाना बनाकर किया गया तीसरा हमला है।

कृष्णा ने अपने बयान में कहा, "अफगानिस्तान के अधिकारियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमले में मारे गए लोगों में नौ भारत के है जबकि तीन अफगानिस्तान व तीन अन्य देशों के हैं।"

उन्होंने कहा, "कुछ भारतीय घायल भी हुए हैं जिन्हें खतरे से बाहर बताया गया है। उनके इलाज की व्यवस्था की जा रही है। जरूरत पड़ी तो हम उन्हें स्वदेश भी बुलाएंगे।"

हमले की कड़ी निंदा करते हुए कृष्णा ने कहा, "ये जघन्य हमले हमारे लिए चिंता की बात है। यह भारत और अफगानिस्तान की जनता के खिलाफ है।"

"यह उन लोगों का कृत्य है जो भारत और अफगानिस्तान की दोस्ती को कमजोर करना चाहते हैं। ये लोग लोकतांत्रिक और मजबूत अफगानिस्तान को नहीं देखना चाहते।"

गौरतलब है कि अफगानिस्तान की राजधानी काबुल स्थित एक होटल और एक अतिथि गृह पर शुक्रवार को तालिबानी आतंकवादियों ने हमला कर दिया।

भारतीय विदेश मंत्री ने हमले में मारे गए भारतीयों की संख्या जहां नौ बताई वहीं अफगानिस्तान के राष्ट्रपति के प्रवक्ता सियामक हेरावी ने बताया कि अतिथि गृह पर हुए आतंकी हमले में चार भारतीयों की मौत हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अब्दुल गफ्फार सैयदजादार के हवाले से बताया कि ये विस्फोट सिटी सेंटर शॉपिंग कांप्लेक्स और सफी लैंडमार्क होटल में हुए। सफी लैंडमार्क होटल शॉपिंग सेंटर की ऊपरी मंजिल पर है, जो पश्चिमी देशों के नागरिकों में काफी लोकप्रिय है।

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि अतिथि गृह की इमारत ढह गई। विस्फोट के बाद रक्त और कांच के टुकड़े जमीन पर फैले हुए थे।

सैयदजादार के मुताबिक सभी हमलावर मारे गए हैं और इस क्षेत्र को अफगान सुरक्षाबलों ने अपने घेरे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि इस हमले में संभवत: 16-17 लोग मारे गए हैं।

तालिबान के प्रवक्ता जबिउल्लाह मुजाहिद एक अज्ञात जगह से फोन पर बताया कि पांच तालिबानी हमलावरों ने विदेशियों द्वारा इस्तेमाल में लाए जाने वाले दो परिसरों को निशाना बनाया।

अफगान सेना के प्रमुख चिकित्सक जनरल अहमद जिया यफताली ने बताया कि 12 शवों को सेना के अस्पतालों में तथा तीन शवों को अन्य अस्पताल ले जाया गया है।

उन्होंने बताया कि घायलों में आठ भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल है।

लोक स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता फरीद राहिद ने कहा कि हमले में 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+