महाराष्ट्र में 4 विश्वविद्यालयों के नए कुलपति नियुक्त
मुंबई, 26 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के राज्यपाल के. शंकरनारायणन ने शुक्रवार को राज्य के चार विश्वविद्यालयों के नए कुलपतियों की नियुक्ति की।
एक अधिकारी ने बताया कि पुणे विश्वविद्यालय, शिवाजी विश्वविद्यालय कोल्हापुर, वाई.बी. चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय नासिक और डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय रायगढ़ के नए कुलपतियों की नियुक्ति की गई है।
राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के उप निदेशक आर. के. शिवगांवकर पुणे विश्वविद्यालय के नए कुलपति होंगे।
पुणे विश्वविद्यालय में भूगर्भ शास्त्र के विभागाध्यक्ष एन.जी.पवार की नियुक्ति शिवाजी विश्वविद्यालय कोल्हापुर के कुलपति के पद पर की गई है।
डॉक्टर अम्बेडकर कॉलेज, नागपुर के पूर्व प्रधानाचार्य आर. कृष्णकुमार को वाई.बी.चव्हाण मुक्त विश्वविद्यालय नासिक का कुलपति बनाया गया है।
लक्ष्मीनारायण प्रौद्योगिकी संस्थान नागपुर के निदेशक आर. बी. मंकर डॉक्टर बाबासाहेब अम्बेडकर प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय रायगढ़ के नए कुलपति होंगे।
इन सभी कुलपतियों की नियुक्ति पांच साल के लिए की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications