काबुल में आतंकी हमला, 4 भारतीय सहित 15 मरे (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अब्दुल गफ्फार सैयदजादार के हवाले से बताया कि ये विस्फोट सिटी सेंटर शॉपिंग कांप्लेक्स और सफी लैंडमार्क होटल में हुए। कांप्लेक्स और होटल आंतरिक मामलों के मंत्रालय से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित हैं।
तालिबान के प्रवक्ता जबिबुल्लाह मुजाहिद एक अज्ञात जगह से फोन पर बताया कि पांच तालिबानी हमलावरों ने विदेशियों द्वारा इस्तेमाल में लाए जाने वाले दो परिसरों को निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि दो हमलावरों ने धमाका किया जबकि तीन आतंकवादी अफगान सुरक्षाकर्मियों के साथ संघर्ष करते रहे।
सैयदजादार ने बताया कि इन हमलों में अफगान सेना के प्रमुख चिकित्सक जनरल अहमद जिया यफताली भी मारे गए। उन्होंने बताया कि आठ शव सेना के अस्पतालों में तथा तीन शव अन्य अस्पताल ले जाए गए हैं।
सैयदजादार ने बताया कि घायलों में आठ भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं। लोक स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता फारिद राहिद ने कहा कि हमले में 30 से अधिक लोग घायल हुए।
निजी टीवी चैनल टोलो ने बताया कि हमलावरों ने शॉपिंग कांप्लेक्स के पास भारतीयों द्वारा इस्तेमाल में लाए जा रहे अतिथि गृह को निशाना बनाया। लेकिन वह इसकी पुष्टि नहीं कर सकते कि मरने वाले भारतीय हैं या अफगानी।
मौके पर मौजूद डीपीए के एक संवाददाता ने खबर दी है कि पुलिस ने शॉपिंग कांप्लेक्स को घेर लिया है और वहां जबरदस्त गोलीबारी हो रही है।
एक अन्य पुलिसकर्मी ने बताया कि आतंकवादियों ने हथगोले दागे जिससे दो अतिथि गृहों और एक होटल को नुकसान पहुंचा। हमलों में कम से कम दो आत्मघाती हमलावर शामिल थे।
आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता ने मौके पर कई धमाके होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, "इलाका अब पुलिस के नियंत्रण में है और हमलवरों की तलाश की जा रही है।"
सफी लैंडमार्क होटल शॉपिंग सेंटर की ऊपरी मंजिल पर है जो पश्चिमी देशों के नागरिकों में काफी लोकप्रिय है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications