दोनों देशों के बीच कश्मीर मुख्य मुद्दा है : पाकिस्तान (लीड-1)
पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर ने अपनी भारतीय समकक्ष निरुपमा राव से बातचीत के बाद गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, "पाकिस्तान के नजरिए से दोनों देशों के बीच विवाद की मुख्य वजह जम्मू और कश्मीर मुद्दा है और यह एक अंतर्राष्ट्रीय मुद्दा है।"
उन्होंने कहा, "भारत-अधिकृत कश्मीर में ऐसे मुद्दे हैं जो मानवाधिकारों के उल्लंघन संबंधित हैं। हम समग्र वार्ता को दोबारा शुरू करने की बात कर रहे हैं ताकि इन मुद्दों पर ज्यादा सार्थक तरीके से बातचीत हो सके।"
बशीर ने कहा, "मुंबई हमले के आरोपी पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ हमने वह सब कुछ किया है, जो कर सकते थे। संदिग्धों के खिलाफ मुकदमा चलाया जा रहा है, इसलिए इसे मुद्दा बनाना अव्यावहारिक है।
उन्होंने कहा कि उनका देश आतंकवाद की विचारधारा में विश्वास नहीं करता और पाकिस्तान मुंबई जैसे सैकड़ों हमलों की पीड़ा झेल चुका है।
बशीर ने कहा कि किसी देश के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां चलाने के लिए उनका देश अपनी जमीन का इस्तेमाल नहीं होने देगा।
बलूचिस्तान पर उन्होंने कहा कि भारत द्वारा वहां के विद्रोहियों को समर्थन देने की जानकारियों से उनका देश चिंतित है।
बशीर ने कहा कि पाकिस्तानी नेतृत्व को शांति प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के दृष्टिकोण पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने कहा कि रिश्तों को सुधारने की दिशा में हम आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications