महाराष्ट्र-गोवा का शीर्ष अधिकारी 2 करोड़ रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार (लीड-1)
मुंबई, 25 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र और गोवा के मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल एम. एस. बाली को दो करोड़ रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को कहा कि गत 60 वर्षो में यह इस तरह का सबसे बड़ा मामला है जिसमें एक सरकारी अधिकारी लिप्त है।
बाली को बुधवार रात रंगे हाथों पकड़ने वाले जांचकर्ताओं को उसके दक्षिण मुंबई स्थित आवास से 34 लाख रुपये की नकदी और 10,000 डॉलर से अधिक कीमत की ब्रिटिश मुद्रा पाउंड और यूरोपीय मुद्रा यूरो भी मिली है।
सीबीआई के पश्चिमी क्षेत्र निदेशक ऋषिराज सिंह ने पत्रकारों से कहा, "पिछले 60 वर्षो में एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी की संलिप्तता वाला रिश्वत का यह अकेला सबसे बड़ा मामला है।"
केंद्र सरकार के अतिरिक्त सचिव का दर्जा प्राप्त बाली के पास दो कीमती कारें, ग्वालियर में एक बैंक लॉकर और शराब का भंडार भी है।
सिंह ने बताया कि सीबीआई लॉकर खोलने और उसमें रखी चीजों को बाहर निकालने की व्यवस्था कर रही है।
उन्होंने बताया कि फेरा (एफईआरए), प्रवर्तन निदेशालय, आयकर विभाग और अन्य विभाग भी मामले की जांच करेंगे।
ठाणे जिले के मीरा रोड क्षेत्र में स्थित एक निजी बिल्डर से संबंधित जमीन के एक भूखंड को विकसित करने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी करने के एवज में इस रिश्वत की मांग की गई थी।
सिंह ने बताया कि जिस जमीन के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र की मांग की गई थी उस जमीन पर सरकार एक पोस्ट ऑफिस बनाना चाहती है।
उन्होंने कहा, "जमीन के मालिक ने यह जमीन सम्पत्ति निर्माण और इसका 25 प्रतिशत हिस्सा पोस्ट ऑफिस के लिए देने की पेशकश की थी। इसके लिए मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल से एनओसी की जरूरत थी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications