महंगाई पर लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहित कई दलों ने महंगाई के मुद्दे पर कार्य स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया था लेकिन सरकार की ओर से मंगलवार को कामकाज की जो सूची जारी की गई उसमें इस विषय को शामिल नहीं किया गया। विपक्ष ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई।
लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार द्वारा भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का बतौर नेता प्रतिपक्ष सदन से परिचय कराए जाने के बाद सदन विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गया।
सुषमा ने सदन को संबोधित करते हुए कहा, "महंगाई के मुद्दे पर सरकार सो रही है इसलिए हम कार्यस्थगन प्रस्ताव लाने को मजबूर हुए हैं। हमारे प्रस्ताव को कृपया स्वीकार किया जाए। हम चाहते हैं कि सदन चले लेकिन सबसे पहले महंगाई पर चर्चा होनी चाहिए।"
उन्होंने कहा, "जनता त्रस्त है महंगाई से। हम इस विषय पर प्राथमिकता के साथ बहस चाहते हैं। सभी विधायी कार्य बाद में होंगे। महंगाई सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है।"
इसके बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने भी महंगाई के मुद्दे पर सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। इस बीच, अन्य विपक्षी सदस्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हंगामा बढ़ते देख लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर तक स्थगित कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications