इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में रैगिंग, छात्र बेहोश
मामला विश्वविद्यालय से सर गंगानाथ झा छात्रावास का है। यहां सोमवार रात बीए प्रथम वर्ष के छात्र अमरजीत यादव को द्वितीय वर्ष के छात्रों सनी सिंह और माधवेश तिवारी ने रैंगिंग लेकर प्रताड़ित किया। पीड़ित छात्र अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालात अब सामान्य बताई जा रही है। रैंगिंग के आरोप में पुलिस ने दो छात्रों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है।
कर्नलगंज थाना प्रभारी आर.बी. सिंह ने बताया कि पीड़ित छात्र की शिकायत पर दोनों आरोपी छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पीड़ित छात्र ने शिकायत में आरोप लगाया है कि दोनों वरिष्ठ छात्रों ने छात्रावास के अंदर मैदान में सोमवार रात पहले उसे मुर्गा बनाया और फिर मैदान के चारों तरफ चक्कर लगाने को कहा। छात्र का यह भी आरोप है कि रैगिंग के दौरान उसके साथ आपत्तिजनक हरकत भी की गई।
पुलिस के मुताबिक जब अमरजीत बेहोश हो गया तो वरिष्ठ छात्र मौके से फरार हो गए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले में कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर (कुलानुशासक) जटाशंकर ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications