अमेरिका को भारत-पाक के बीच समग्र वार्ता बहाल होने की उम्मीद
अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री (दक्षिण एवं मध्य एशिया) रॉबर्ट ओ. ब्लैक ने सोमवार को बी.बी.सी वर्ल्ड पर एक साक्षात्कार में कहा, "इस वार्ता का हम स्वागत करते हैं।"
उन्होंने कहा, "मेरे विचार से यह एक महत्वपूर्ण सफलता है और इस वार्ता पर सहमति के लिए मैं भारत और पाकिस्तान दोनों की सराहना करना चाहता हूं।"
मुंबई पर नवंबर 2008 में हुए आतंकवादी हमलों के बाद समग्र वार्ता के स्थगित होने का उल्लेख करते हुए ब्लैक ने कहा कि दोनों देशों के सामने अपने-अपने महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने का मूल्यवान मौका है।
उन्होंने कहा कि समग्र वार्ता की बहाली और संबंधों को सामान्य बनाने के उपायों पर सोचने का भी यह एक मौका है।
ब्लैक ने कहा कि वर्ष 2003-2007 के बीच दोनों देशों के संबंधों में काफी अच्छी प्रगति हुई। अमेरिका, भारत और पाकिस्तान को इस प्रगति को फिर हासिल करने की आशा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications