बेंगलुरू कार्यालय परिसर में आग से 9 मरे, 60 घायल (लीड-1)
मणिपाल अस्पताल के एक प्रवक्ता के अनुसार, मृतकों में छह पुरुष और तीन महिलाएं हैं और सात की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई, जबकि घटनास्थल से मात्र 5 किलोमीटर दूरी पर अस्पताल स्थित है।
प्रवक्ता के अनुसार, 59 लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें 19 को सघन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है। ज्यादातर लोग हड्डी टूटने, कटने और जलने से घायल हैं।
अग्निशमन विभाग के निदेशक डी. जी. चेंगप्पा ने आईएएनएस से कहा, "इससे पहले भी आग लगने की कई घटनाएं हुई हैं लेकिन हताहतों की संख्या के लिहाज से पिछले दशक में यह सबसे बड़ा हादसा है।"
उन्होंने कहा कि मौके पर आग कम लगी थी और धुआं ज्यादा था जिससे कई लोग दहशत और दम घुटने के कारण कूदने लगे।
एयरपोर्ट रोड पर स्थित सात मंजिला कार्लटन टॉवर्स में अपराह्न करीब चार बजे पांचवीं मंजिल के एक कार्यालय में आग लगी, जिससे सैकड़ों लोग फंस गए।
इस दौरान एक महिला ने सातवीं मंजिल से छठी मंजिल पर कूदने का प्रयास किया लेकिन वह फिसलकर सबसे नीचे आ गिरी। इसी तरह एक पुरुष सबसे ऊपर की मंजिल से कूद गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
आग बुझाने के लिए दमकल की 16 गाड़ियां लगाई गई थीं और आग पर काबू पाने में करीब घंटे भर का समय लगा और दो घंटे में सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक पी. एस. संधू ने संवाददाताओं से कहा कि यह हादसा शायद शार्ट सर्किट की वजह से हुआ।
सैकड़ों लोगों के जमा हो जाने से बचाव कार्य में भी काफी बाधा आई।
संधू ने कहा कि संकरी गलियों और शाम के समय व्यस्त यातायात की वजह से दमकल की गाड़ियां मौके पर देर से पहुंच पाईं।
राज्य के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हादसे की जांच कराई जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications