पासपोर्ट नहीं बनने से सगाई टूटी, युवती ने जान दी
इस बीच इस मामले पर मंगलवार को राज्य विधान सभा में विपक्ष के हंगामा करने पर गृह मंत्री शांति धारीवाल ने जयपुर के शिप्रापथ थाना प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और थाना प्रभारी को पद से हटाने के आदेश दिए हैं।
आईजी रेंज जयपुर प्रथम को इस मामले की जांच करने को कहा गया है। सदन में शून्यकाल के दौरान भाजपा के घनश्याम तिवाड़ी ने पाइंट ऑफ इंफॉर्मेशन के जरिए शिप्रापथ थाना प्रभारी द्वारा एक युवती के पासपोर्ट वेरिफिकेशन नहीं करने से आहत होकर आत्महत्या करने का मामला उठाया। तिवाड़ी ने कहा कि मृतका निशा पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए लगातार 25 दिनों तक शिप्रापथ थाने जाती रही, उसकी विदेश में शादी होने वाली थी। थाना प्रभारी के रवैये से तंग आकर उसने मंगलवार सुबह आत्महत्या कर ली।
गृह मंत्री शांति धारीवाल ने सदन को बताया कि आईजी जयपुर रेंज प्रथम को इस मामले की जांच कर रिपोर्ट देने, शिप्रापथ थाना प्रभारी को तुरंत हटाने और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं।
दूसरी तरफ इस घटना से नाराज सैकड़ों लोगों ने शिप्रापथ थाने पर प्रदर्शन किया। युवती के परिजनों ने बताया कि मृतका निशा 25 दिनों से थाने का चक्कर लगा रही थी। पासपोर्ट बनने के बाद उसकी शादी होनी थी, पर पासपोर्ट नहीं बनने से उसकी सगाई टूट गई। वह इससे काफी परेशान थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications