कूड़ा फेंकने के विवाद में नातिन ने दादी को जिंदा जलाया
हमीरपुर जनपद के जरिया थाना के गांव खेड़ा शिलाजीत में सोमवार की शाम कूड़ा फेंकने के विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि नातिन ने ही चचेरी दादी को मिटट्ी का तेल डाल कर जला दिया, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आग बुझाने के प्रयास में चचेरी बहू भी गम्भीर रूप से झुलस गई। जिसे इलाज के लिये झांसी ले जाया गया।
खेडा शिलाजीत गांव में सोमवार की शाम को घर की सफाई में निकला कूड़ा फेंकने को लेकर मुन्नालाल जोशी की पत्नी रामकिशोरी (45) व परमानन्द जोशी की पत्नी मालती (48) के बीच विवाद हो गया।
विवाद में एक दूसरे को देख लेने की धमकी दे डाली। यह बात मुन्नालाल जोशी की पुत्री सीमा (20) को नागवार गुजरी और उसने अपनी चचेरी दादी मालती पर मिटट्ी का तेल डाल कर आग लगा दी। मालती को धू-धू कर जलता देख उसकी बेटी आरती व सीमा की मां रामकिशोरी उसे बचाने लगी। जिसमें आरती जख्मी हो गई वहीं रामकिशोरी आग से नब्बे फीसदी झुलस गई। मालती की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकी रामकिशोरी को इलाज के लिए राठ के सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र ले जाया गया। हालत गम्भीर होने पर डाक्टरों ने उसे झांसी रेफर कर दिया।
जरिया थानाध्यक्ष नयन सिंह यादव ने बताया कि मालती के पति परमानन्द ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी चचेरी नातिन सीमा ने उसकी पत्नी पर मिटट्ी का तेल डाल कर आग लगा दी। पुलिस ने सीमा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। आरती की हालत ठीक है, जबकि रामकिशोरी की हालत गम्भीर बताई गई है। पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications